कान्हा के लिए हिंडोले, पोशाक, मुकुट की डिमांड

छिंदवाड़ा।
जन्माष्टमी पर्व पर कन्हैया के स्वागत को हिंडोले आकर्षक पोशाक मुकुट बांसुरी की जमकर बिक्री हुई। बाजार में हैप्पी बर्थडे कैप राधा रानी के लिए विदेशी हेड आकर्षक बांसुरी चश्मे व छतरी भी उपलब्ध हैं। यही नहीं कन्हैया जी के लिए एसी कूलर भी बाजार में आए हैं। जन्माष्टमी के त्योहार को लेकर बुधवार को बाजार में रौनक नजर आई। लोग जन्माष्टमी के लिए खरीदारी करते नजर आए। बाजार में आकर्षक डिजाइनों के हिंडोलों की बिक्री हो रही है। पीतल के हिंडोले 900 रुपए किलो व्हाइट मैटल के हिंडोले 200 से 1000 रुपए तक गोल्ड झूला 70 रुपये से 400 रुपए में बिक रहे हैं।
जन्माष्टमी लाएगी खुशियां
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मनाई जाएगी। कृतिका नक्षत्र में सर्वार्थ सिद्धि योग और वृष्टि योग होने से यह जन्माष्टमी देश और परिवार में उन्नति लाएगी। श्रद्धालुओं के व्रत करने, गो सेवा करने से भगवान कृष्ण और इष्ट देव की कृपा मिलेगी। शैव संप्रदाय की जन्माष्टमी 14 अगस्त को मनाई जाएगी। भगवान श्री कृष्ण का जन्म भाद्रपद माह कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मध्य रात्रि के रोहिणी नक्षत्र में वृषभ के चंद्रमा में हुआ था। इस साल शैव संप्रदाय की अष्टमी भाद्र पद माह 14 और वैष्णव संप्रदाय की अष्टमी 15 अगस्त को मनाई जाएगी। पेडितों के अनुसार इसमें वृष का चंद्रमा 15 अगस्त मंगलवार को सुबह 9.36 पर आएगा। वहीं 15 अगस्त को रात 12.48 तक कृतिका नक्षत्र रहेगा। रोहिणी नक्षत्र 12.49 को आएगा। इसलिए जन्माष्टमी का शुभ मुहूर्त 12 बजे से ही शुरू हो जाएगा।
राम मंदिर में होंगे विशेष आयोजन
स्थानीय श्री राम मंदिर छोटी बाजार में स्थित श्री कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन सत्य धर्म मंडल एवं स्वर्णकार समाज के सयुंक्त तत्वावधान में होगा। सत्य धर्म मंडल प्रवक्ता कृष्णा सेठिया ने बताया कि 15 अगस्त दिन मंगलवार को भगवान कृष्ण का जन्म महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मंदिर को विशेष साज सज्जा आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। झंडावंदन के साथ मुख्य आयोजन का प्रारम्भ होगा रात्रि 10 बजे से सत्य धर्म रामायण मंडल के सदस्यों के द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति होगी। नन्द घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के उद्घोष के साथ पंडित नंदकिशोर शास्त्री के द्वारा विधि विधान से मंत्रोच्चारणों के साथ पूजन होगा। रात्रि 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्म उपरांत महाआरती उपस्थित जनसमुदाय की उपस्थति में की जायेगी। आतिशबाजी, ढोल, नगाड़ों, घंटा शंख, करतल ध्वनि, जयघोष के साथ बड़ी धूमधाम के साथ यह कायर्क्रम होगा एवं प्रसाद का वितरण किया जायेगा। सत्य धर्म मंडल श्री राम मंदिर समिति, स्वर्णकार समाज ने नगर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं माताओं बहनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति का आग्रह किया है।

 

Source : ब्यूरो

12 + 12 =

Name: धीरज मिश्रा (संपादक)

M.No.: +91-96448-06360

Email: [email protected]